
बदरीनाथ हाईवे पर टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, चार घायलों को जोशीमठ किया रेफर
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम लामबगड़ के समीप पिकअप और राजस्थान नंबर की कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वाहनों में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों ने निकाला
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहत टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य चार का अस्पताल में उपचार जारी है।
पिकअप सवार आठ लोग घायल
पिकअप में सवार घायल लोगों में अंशुल (26), मोनू पाल (29), शिवम (31), शिव कुमार (42), मेनपाल (38),
मनोज कुमार (35), मोंटी (28) और जॉनी पाल (35) शामिल हैं।
इनमें अधिकांश हरिद्वार के मंगलौर और लंढौरा तथा मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं।
वहीं कार में सवार जयपुर निवासी अर्चिसा (20), पुष्पेंद्र कुमार (50) और पूनम रानी (46) को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की कर रही जांच
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















Leave a Reply