श्रीनगर से देहरादून पहुंचने से पहले पुलिस ने शिवांक नौटियाल और युवराज सिंह को लिया हिरासत में, इंद्रेश मैखुरी ने की रिहाई की मांग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे से पहले श्रीनगर गढ़वाल में पुलिस ने आइसा से जुड़े दो छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए छात्रों में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के
पूर्व उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल और वर्तमान विश्वविद्यालय प्रतिनिधि युवराज सिंह शामिल हैं।
दोनों छात्र नेता अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और मामले में कथित वीआईपी की भूमिका
की जांच की मांग को लेकर अमित शाह को काले झंडे दिखाने के लिए देहरादून जा रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने उन्हें सुबह हिरासत में ले लिया।
अंकिता मामले में कथित वीआईपी की भूमिका उजागर करने की मांग
छात्र नेताओं की हिरासत पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और सीपीआई (एमएल) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास बताया।
मैखुरी ने कहा कि अमित शाह की सरपरस्ती वाली सरकार की पुलिस विरोध के स्वरों को खामोश करने में जुटी है। उन्होंने दोनों छात्र नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की।
गांधी पार्क पहुंचने की अपील
मैखुरी ने कहा कि हिरासत और धरपकड़ से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने समर्थकों और साथियों से छह नवंबर को सुबह 10 बजे देहरादून के गांधी पार्क पहुंचने और अमित शाह को काले झंडे दिखाने की अपील की।
आज देहरादून में हैं अमित शाह
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह नवंबर को देहरादून पहुंच रहे हैं।
भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत परेड ग्राउंड में पदयात्रा और जनसभा प्रस्तावित है।
इसके अलावा शाह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत करने के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।















Leave a Reply