रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पीआरडी जवानों की बेटियों की शादी में सरकार देगी 50 हजार रुपये की मदद

प्रांतीय रक्षक दल के जवानों की बेटियों की शादी में सरकार 50 हजार रुपये की सहायता देगी। वहीं, सेवानिवृत्त जवानों के व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए जल्द एक केंद्र शुरू किया जाएगा।

विस्तार

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पहले प्रांतीय रक्षक दल का स्थापना दिवस नियमित रूप से नहीं मनाया जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने 2022 से यह तय किया कि हर साल स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने रैतिक परेड की सलामी ली। मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता के रूप में 14 लाख रुपये के चेक दिए। युवा कल्याण निदेशालय मैदान ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय मंत्री ने कहा, चाहे चुनाव हो या चारधाम यात्रा या फिर कहीं कानून व्यवस्था की समस्या हो, हर जगह पीआरडी के जवानों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। अगले साल राज्य का रजत जयंती स्थापना वर्ष है।

इसमें भी पीआरडी जवानों की भागीदारी अहम होगी। उन्होंने कहा, सरकार ने पीआरडी जवानों के हित में वे फैसले किए जिनकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। एक्ट में संशोधन करके हमारी सरकार ने सेवा की आयु सीमा 18 से 60 वर्ष कर दी। मानदेय भी बढ़कर 650 रुपए प्रतिदिन किया गया है।

9300 पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय

युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा, 2027 से पहले पीआरडी के जवानों का फिर से मानदेय बढ़ाया जाएगा। मंत्री ने कहा, पहले महिला पीआरडी जवानों को मातृत्व अवकाश नहीं मिलता था, लेकिन सरकार ने एक्ट में संशोधन करके मातृत्व अवकाश की व्यवस्था की है।

अब महिला जवानों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलेगा और इस दौरान कोई वेतन कटौती भी नहीं होगी। पीआरडी जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।

परेड में पहले स्थान पर रही दरबान सिंह नेगी वाहिनी

पीआरडी स्थापना दिवस के अवसर पर हुई परेड में प्रांतीय रक्षक दल की कुल 10 वाहिनी शामिल हुईं। इनमें विक्टोरिया क्रॉस दरबान सिंह नेगी वाहिनी प्रथम और वीर माधो सिंह भंडारी वाहिनी दूसरे स्थान पर रही। नेताजी सुभाष चंद्र बोस वाहिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

101 मृतक आश्रितों को नौकरी

युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 2022 से अब तक सरकार पीआरडी जवानों के कुल 101 मृतक आश्रितों को नौकरी दे चुकी है। युवा कल्याण मंत्री ने बताया कि प्रांतीय रक्षक दल में 3650 दिन की सेवा पूरी करके सेवानिवृत्त होने वाले जवानों को भी एक लाख रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक शक्ति सिंह, राजेश ममगाई आदि मौजूद रहे।

https://regionalreporter.in/22-important-proposals-approved-in-the-cabinet-meeting/
https://youtu.be/sLJqKTQoUYs?si=SWjx_EF7l3BVX6AX
Website |  + posts
One comment

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *