प्रदर्शन के दौरान हुआ हंगामा, NEET और बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रदर्शन में पहुंचे थे दिपके
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके पर प्रदर्शन के दौरान हमला हो गया।
दिपके NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने उन पर थप्पड़ों की बौछार कर दी।
मंच की ओर जाते समय हुआ हमला
घटना का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के कंधों पर बैठकर मंच की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोग उनके करीब पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने पहले उनका गमछा खींचा और फिर लगातार थप्पड़ मार दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अन्य व्यक्ति ने भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन तब तक दिपके के समर्थकों ने उसे पकड़ लिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभिजीत दिपके बोले- शांति और मोहब्बत से जारी रहेगी लड़ाई
हमले के बाद अभिजीत दिपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे हमलों से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगी।
दिपके ने कहा, “शारीरिक हमला डर और कायरता की निशानी है। हम शांतिपूर्वक अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे। मैं गांधी और आंबेडकर को मानने वाला हूं और अपनी लड़ाई शांति और मोहब्बत के साथ जारी रखूंगा।”
हमलावर युवक ने भी दी प्रतिक्रिया
पुलिस हिरासत में लिए जाने के दौरान हमला करने वाले युवक ने दावा किया कि वह राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ा है।
युवक ने कहा कि “पेपर लीक तो बहाना है।” हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
6 लोग हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत दिपके पर हमले के मामले में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके नाम-पते की जानकारी जुटाई जा रही है।
विरोध के बाद मिली थी प्रदर्शन की अनुमति
अभिजीत दिपके 14 जून की रात जयपुर पहुंचे थे। उन्हें 15 जून को शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लेना था।
शुरुआती दौर में पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन विरोध के बाद सशर्त अनुमति प्रदान कर दी गई थी।

















Leave a Reply