देहरादून के सेलाकुई में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी
यज्ञ अवस्थी के खिलाफ अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
उत्तराखंड पुलिस ने विदेश मंत्रालय को आवश्यक रिपोर्ट भेज दी है,
और जल्द ही के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो सकता है।
पहले ब्लू कॉर्नर नोटिस हो चुका जारी
पुलिस इससे पहले आरोपी यज्ञ अवस्थी के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है।
अब उसके नेपाल भाग जाने की आशंका को देखते हुए रेड कॉर्नर नोटिस की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
आरोपी पर पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है।
नस्लीय टिप्पणी के बाद हुआ था जानलेवा हमला
9 दिसंबर 2025 को सेलाकुई बाजार में 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा
और उनके भाई माइकल चकमा के साथ स्थानीय युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणियां की थीं।
जब दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू और भारी वस्तुओं से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल एंजेल 17 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन 26 दिसंबर 2025 को उन्होंने दम तोड़ दिया।
अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग संरक्षण में
पुलिस इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है।
हालांकि, मुख्य आरोपी यज्ञ अवस्थी अभी भी फरार है।
पुलिस को शक है कि वह नेपाल भाग गया है,
इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है।
देशभर में उठा था पूर्वोत्तर छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा
इस घटना के बाद त्रिपुरा और देहरादून में कैंडल मार्च निकाले गए थे।
मामले ने देशभर में पूर्वोत्तर राज्यों से पढ़ने आने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी थी।
एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा ने अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की है।
माइकल चकमा ने छोड़ा देहरादून
घटना से मानसिक रूप से आहत एंजेल के भाई माइकल चकमा ने देहरादून छोड़ दिया है।
परिवार का कहना है कि इस घटना का उन पर गहरा असर पड़ा है।
दून पुलिस अब माइकल और उनके परिजनों से संपर्क करने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़ी आगे की जांच मजबूत की जा सके।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देहरादून शिक्षानगरी के रूप में देशभर में पहचान रखता है
और यहां पढ़ने आने वाले हर छात्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर देहरादून लाया जाएगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
















Leave a Reply