टोल बचाने के लिए कार पर लगाया था JUDGE स्टीकर, पुलिस ने काटा चालान
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में पुलिस ने एक ऐसे वाहन चालक पर कार्रवाई की है,
जिसने अपनी कार पर “JUDGE” का स्टीकर लगाकर रौब जमाने और टोल से बचने की कोशिश की।
पुलिस की जांच में जब सच्चाई सामने आई तो मौके पर ही उसका ‘जज साहब’ वाला रुतबा उतर गया।
ऑपरेशन प्रहार के दौरान चेकिंग में पकड़ा गया मामला
चमोली पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान
पाण्डुकेश्वर रजिस्ट्रेशन चेकिंग बैरियर पर वाहन संख्या UP-14DN-9554 को रोका गया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक अन्य वाहनों की लंबी कतार को गलत दिशा से पार कर आगे निकलने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान अन्य वाहन चालकों ने भी उसकी रैश ड्राइविंग और नियमों की अनदेखी की शिकायत पुलिस से की।
वाहन पर लगा था JUDGE स्टीकर
चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर वाहन पर लगे “JUDGE” स्टीकर पर पड़ी।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अभय सिंह, निवासी गोला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।
उसने पुलिस को बताया कि वाहन उसके दोस्त का है और उसके दोस्त का भाई लखनऊ कोर्ट में कार्यरत है।
पूछताछ में खुली स्टीकर की असली कहानी
हालांकि, जब पुलिस ने मामले की गहन जांच की तो पता चला कि वाहन पर लगाया गया “JUDGE” स्टीकर किसी आधिकारिक पहचान का हिस्सा नहीं था।
चालक ने स्वीकार किया कि स्टीकर टोल बचाने और लोगों पर प्रभाव जमाने के उद्देश्य से लगाया गया था।
पुलिस ने हटवाया स्टीकर, काटा चालान
सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर ही वाहन से “JUDGE” स्टीकर हटवाया और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की।
साथ ही भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
चारधाम यात्रा के बीच सख्त हुई निगरानी
चमोली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, नशे में वाहन चलाने वालों और फर्जी तरीके से वीआईपी कल्चर दिखाने वालों पर कार्रवाई करना है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए जिले में चेकिंग और निगरानी को और अधिक सख्त कर दिया गया है।
















Leave a Reply