छौड़ी में बोल्डर और मलबा गिरने से पैदल मार्ग बंद
रुद्रप्रयाग में देर रात हुई भारी बारिश के बाद प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही रोकी, मार्ग खोलने का कार्य जारी
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब चारधाम यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है।
रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग एक बार फिर बाधित हो गया।
गौरीकुंड से करीब एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मलबा गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर रोकी गई यात्रा
मार्ग पर खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ जाने वाले यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोक दी।
सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कई दिनों से संवेदनशील बना हुआ है पैदल मार्ग
लगातार हो रही बारिश के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पिछले कई दिनों से संवेदनशील बना हुआ है।
मंगलवार देर रात अचानक चट्टान टूटने और भारी मलबा आने से मार्ग पर जोखिम और बढ़ गया,
जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया।
मार्ग खोलने में जुटीं विभागीय टीमें
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं।
मौसम साफ होते ही मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रियों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें।
मौसम और मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा परीक्षण पूरा होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा दोबारा सुचारु रूप से शुरू की जाएगी।















Leave a Reply