जांच में सामने आए गंभीर तथ्य
कोटद्वार में नाबालिग बेटियों के यौन शोषण के बेहद संवेदनशील मामले में पौड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर अपनी नाबालिग बेटियों के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म और यौन शोषण करने का आरोप है।
मामले में एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर निष्पक्ष और गहन जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसके पति द्वारा
उनकी नाबालिग बेटियों का लंबे समय से यौन शोषण किया जा रहा था।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की जानकारी किसी को देने या पुलिस में शिकायत करने पर आरोपी धमकी देता था।
पारिवारिक विवाद के चलते आरोपों की भी हुई जांच
मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की जानकारी मिली।
ऐसे में पुलिस ने आरोपों की सत्यता की निष्पक्ष जांच करने पर विशेष जोर दिया,
ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि आरोप वास्तविक हैं या पारिवारिक विवाद के चलते लगाए गए हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ
अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गहन जांच और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीड़िताओं के बयान और साक्ष्यों से खुली परतें
निर्देशों के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। पीड़िताओं के बयान नियमानुसार दर्ज किए गए
और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। पुलिस ने मामले से संबंधित साक्ष्य भी जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में अलग-अलग बहाने बनाकर तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया।
हालांकि, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पिता को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने मामले में अनूप चंद्र निवासी कोटद्वार को गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
मामले में BNS की धारा 351(2), 64(2)(एफ), 64(2)(एम) और POCSO Act की धारा 5(एल)/6 एवं 5(एएन)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पौड़ी पुलिस का कहना है कि महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं के खिलाफ अपराधों में निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।















Leave a Reply