कोर्ट परिसर में सनसनी, जिला बार पार्किंग में मिला खून से सना शव
उत्तराखंड के नैनीताल में सोमवार, 27 अप्रैल को जिला न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया,
जब जिला बार की पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता का खून से सना शव मिला।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में वकील व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान जिला कोर्ट नैनीताल से संबद्ध अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि उनका शव कार के अंदर मिला और उनके एक हाथ में पिस्टल भी थी।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
बोनट पर मिला सुसाइड नोट
पुलिस को कार के बोनट से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
बताया गया है कि नोट में अधिवक्ता ने किसी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
11:30 बजे सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार सोमवार, 27 अप्रैल सुबह सभी अधिवक्ता रोज की तरह अपने कामकाज में व्यस्त थे।
करीब 11:30 बजे पार्किंग से गुजर रहे कुछ वकीलों ने कार के भीतर पूरन सिंह भाकुनी को खून से लथपथ देखा।
हाथ में पिस्टल देखकर सभी के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मिलनसार स्वभाव के थे अधिवक्ता
साथियों के अनुसार पूरन सिंह भाकुनी बेहद मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे।
उनके इस कदम से सभी अधिवक्ता और कर्मचारी स्तब्ध हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।
















Leave a Reply