रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पौड़ी में मूसलाधार बारिश का कहर, महरगांव में घर पर गिरा मलबा

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पौड़ी गढ़वाल में हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

मंगलवार सुबह महरगांव में बारिश के कारण एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया।

हादसे के वक्त घर में परिवार के चार लोग मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही

ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया,

जबकि एक 2 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की तलाश जारी है।

सुबह 7:45 बजे ढहा मकान, मलबे में दबे चार लोग

जानकारी के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे लगातार बारिश के बीच दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया।

मकान के मलबे में परिवार के चार लोगों के दबे होने की सूचना मिली। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाना शुरू किया।

इसी दौरान एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

महिला को चोटें आई हैं और उसे तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

2 साल के बच्चे समेत तीन की तलाश, SDRF ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं।

मलबे में फंसे तीन अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

लापता लोगों में एक 2 साल का बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।

रेस्क्यू अभियान में SDRF के साथ पटवारी और पुलिस चौकी की टीम भी जुटी हुई है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया है,

ताकि मलबे से किसी व्यक्ति को बाहर निकालने के बाद तत्काल उपचार दिया जा सके।

लगातार बारिश और मलबे के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।

बारिश से कई सड़कें प्रभावित, डीएम ने कंट्रोल रूम पहुंचकर लिया जायजा

महरगांव की घटना के बीच पौड़ी जिले में बारिश से कई अन्य इलाकों में भी सड़कें प्रभावित हुई हैं।

स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचीं और अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली।

डीएम ने सभी बाधित मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए।

सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से सुचारू कर दिया गया है। वहीं गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को खोलने के लिए भी जेसीबी भेजी गई है।

प्रशासन की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं, ताकि बारिश के कारण होने वाली अन्य घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बिजली-पानी और सड़क व्यवस्था पर भी नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिलाधिकारी ने बारिश के कारण प्रभावित विद्युत, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की भी समीक्षा की।

विद्युत फीडर में ब्रेकडाउन होने की स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, बारिश के चलते नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खतरा महसूस होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

फिलहाल महरगांव में मलबे में दबे तीन लोगों की तलाश सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।

SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

https://youtu.be/2qM9b1FDNKI?si=2f1Hm7x97VVLkIO5
https://regionalreporter.in/jpsc-jssc-student-protest-jssc-cgl-cancelled-devendra-mahto-sonam-wangchuk/
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *