उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा हुआ है।
टनल में अचानक मलबा और पानी भरने से कई कर्मचारी अंदर फंस गए।
रातभर चले राहत और बचाव अभियान के बाद अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है,
जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 लोग घायल बताए गए हैं।
रेस्क्यू किए गए घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है।
पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार सुबह बेहद खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे।
प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी मुश्किल परिस्थितियों में हुई।
मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया और प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF समेत अन्य एजेंसियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे।
22 लोगों के फंसे होने की थी सूचना
प्रशासन के अनुसार, टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। रातभर चले अभियान में 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है।
अब शेष 3 लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
घटना के बाद राहत-बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं।
करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में आया मलबा और पानी
पीपलकोटी स्थित THDC की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की TRT टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर बताई गई है।
भूधंसाव के कारण टनल के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में मलबा और पानी आने की स्थिति बनी।
इसके बाद टनल में काम कर रहे कर्मचारी अंदर फंस गए और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
डीएम और एसपी मौके पर डटे
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार घटनास्थल पर मौजूद हैं
और लगातार राहत-बचाव अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि रेस्क्यू टीमों को फंसे हुए लोगों तक पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे में 7 लोगों की मौत
प्रशासन के अनुसार हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों और घायलों में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं।
मृतकों में प्रदीप पंवार (35), निवासी ग्राम गांवर, चंबा टिहरी, मुकेश, दुर्लभ शर्मा (बिहार), विजय (झारखंड), जितेंद्र, लोकेश्वर (छत्तीसगढ़) और घुनेश्वर (छत्तीसगढ़) के नाम सामने आए हैं।
लापता लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर
पीपलकोटी टनल हादसे के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से लापता लोगों के संबंध में जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
- 0135-2710334
- 82188-67005
- 1070
फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों का पूरा ध्यान टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
विधायक लखपत बुटोला ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने पीपलकोटी THDC टनल हादसे को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि टनल के अंदर ऑक्सीजन की पर्याप्त सप्लाई नहीं थी और हादसे के समय करीब 22 कर्मचारी काम कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि पिछले साल भी इसी स्थान पर हादसा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई।
उन्होंने प्रशासन से फंसे श्रमिकों को जल्द सुरक्षित बाहर निकालने और राहत-बचाव कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।

















Leave a Reply