चार गांवों में पहुंची स्वास्थ्य सेवा
मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के चार गांवों में लगा स्वास्थ्य शिविर
सेवा इंटरनेशनल के तत्वावधान में ऊखीमठ क्षेत्र की मद्महेश्वर घाटी के राऊलैंक और मनसूना
तथा तुंगनाथ घाटी के मक्कू और परकण्डी गांवों में ‘सेवा आरोग्यम’ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
चारों शिविरों में कुल 152 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच
शिविरों में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह (शुगर)
सहित विभिन्न मौसमी और सामान्य बीमारियों की जांच की।
साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।
ऐसे में सेवा इंटरनेशनल के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं।
पूर्व प्रधान कमलेन्द्र नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान सरिता नेगी
और व्यापार संघ अध्यक्ष अवतार राणा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उद्देश्य
सेवा इंटरनेशनल की डॉ. दिव्या ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न गांवों में सेवा आरोग्यम स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं,
ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों का लाभ मिल सके।
शिविरों के दौरान राहुल रावत, रिंकी पंवार, सुरेन्द्र बिष्ट, यशवंत नेगी, मंजू और पूनम सहित सेवा इंटरनेशनल के कई पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
















Leave a Reply