कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां
श्री सनातन धर्म सभा, गीता भवन के सभागार में शनिवार रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर मेघदूत नाट्य संस्था ने “रुक्मिणी मंगल” नाटक का भव्य मंचन किया। संस्था के संस्थापक और रंगमंचकार एस.पी. ममगाईं द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस नाटक को दर्शकों ने देर रात तक बैठकर देखा और सराहा।
नाटक की कथा रुक्मिणी और श्रीकृष्ण के विवाह, बदरीनाथ धाम में घंटाकर्ण की तपस्या तथा प्रद्युम्न जन्म जैसे पौराणिक प्रसंगों पर आधारित रही। कथा-वस्तु श्रीमद्भागवत, शिव पुराण, स्कंद पुराण, हरिवंश पुराण और राधेश्याम खंडकाव्य से ली गई थी। मंचन ने दर्शकों को पौराणिक संस्कृति और भक्ति भाव से जोड़ दिया।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी, राजपुर रोड विधायक खजान दास, कैंट विधायक सविता कपूर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सनातन धर्म सभा अध्यक्ष राकेश ओबेरॉय और महामंत्री विपिन नागलिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
नाटक में भगवान कृष्ण की भूमिका अनिल दत्त शर्मा और रुक्मिणी की भूमिका मिताली पुनेठा ने निभाई। शिव और पार्वती की भूमिकाएं क्रमशः विजय डबराल और जाह्नवी पांडे ने अदा कीं। इसके अलावा ब्राह्मण, घंटाकर्ण और अन्य पात्रों की प्रस्तुति ने नाटक को और जीवंत बना दिया।
डांडिया नृत्य में सपना गुलाटी, पूनम राणा, रश्मि जैना और अन्य कलाकारों ने रंग जमा दिया। संगीत आलोक मलासी और संयोजन मोहित कुमार ने तैयार किया। वस्त्र एवं रूप सज्जा टीम ने मंचन को और भव्यता प्रदान की।
देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन ने दर्शकों को भक्ति और आनंद से भर दिया। सभी ने कलाकारों को मुक्तकंठ से सराहा और इसे जन्माष्टमी महोत्सव की यादगार प्रस्तुति बताया।















Leave a Reply