रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पिथौरागढ़ के ‘खूनी’ गांव का नाम बदला, जानिए किस नाम से जाना जाएगा अब

उत्तराखंड सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए पिथौरागढ़ जिले की तहसील थल के अंतर्गत आने वाले ‘खूनी’ गांव का नाम बदलकर ‘देवीग्राम’ कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने यह आदेश जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया।

ग्राम का नाम लंबे समय से बदलने की मांग ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि ‘खूनी’ नाम अपने आप में नकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है और गांव की पहचान पर गलत असर डालता है। सरकार ने आखिरकार ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह नाम परिवर्तन किया।

अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सांसद अजय टम्टा ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा—“जन-जन की भावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए आज खूनी गांव का नाम बदलकर देवीग्राम कर दिया गया है। स्वतंत्रता के 75 वर्षों बाद यह परिवर्तन हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय जनमानस के सम्मान का प्रतीक है।”

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को पूरा करने में एक वर्ष से अधिक का समय लगा। छह अलग-अलग मंत्रालयों से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद यह नाम परिवर्तन संभव हो सका। टम्टा ने इसके लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

ग्रामवासियों ने भी इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि अब उनका गांव नकारात्मक नाम से नहीं बल्कि आस्था और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ा देवीग्राम कहलाएगा।

https://regionalreporter.in/shubhanshu-shukla-iss-journey-pm-modi-meet/
https://youtu.be/jGaRHT7bFcw?si=mlsnbJOXFl30KHZD

Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: