रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

केदारनाथ यात्रा के पहले दिन हेली सेवा ठप

घंटों इंतजार करते रहे श्रद्धालु, कई लौटे वापस

केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही जहां एक ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं यात्रा के पहले ही दिन व्यवस्थाओं की पोल भी खुलती नजर आई।

हेली सेवा बाधित होने से सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ा।

सुबह 6 बजे से शुरू नहीं हो सकीं उड़ानें

जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सर्विस लिमिटेड द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर सेवाएं निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकीं।

सामान्य रूप से सुबह 6 बजे से उड़ानें शुरू होनी थीं, लेकिन सुबह 9 बजे तक भी केदारनाथ धाम में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई।

इसके चलते पूरी हेली सेवा प्रभावित रही और सिरसी हेलीपैड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु फंसे रहे।

सिरसी हेलीपैड पर यात्रियों की लंबी कतारें

सिरसी हेलीपैड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ दर्शन के लिए पहुंचे थे,

लेकिन उड़ानें रद्द होने के कारण कई यात्रियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

श्रद्धालुओं के अनुसार, सुबह 6 बजे से लेकर 11 बजे तक एक भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

सैकड़ों लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

कंपनी ने जारी किया माफीनामा

हिमालयन हेली सर्विस लिमिटेड की ओर से यात्रियों के लिए जारी बयान में कहा गया-

“हमें आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि सुबह 6 बजे से 9 बजे के स्लॉट के लिए तय आपके हेलीकॉप्टर टिकट ऑपरेशनल पाबंदियों की वजह से कैंसल कर दिए गए हैं। हम इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।”

कंपनी ने आश्वासन दिया है कि टिकट के पैसे एक सप्ताह के भीतर वापस कर दिए जाएंगे,

लेकिन इससे श्रद्धालुओं का आक्रोश कम नहीं हुआ।

वीआईपी मूवमेंट बनी बड़ी वजह

हेली सेवा बाधित होने के पीछे वीआईपी मूवमेंट को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

कंपनी के अनुसार, केदारनाथ धाम में अधिक वीआईपी आवाजाही के चलते सामान्य उड़ानों को लैंडिंग की

अनुमति नहीं मिल सकी, जिससे आम श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी।

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि आम यात्रियों को नजरअंदाज कर वीआईपी मूवमेंट को प्राथमिकता दी जा रही है, जो उचित नहीं है।

सरकारी दावों पर उठे सवाल

हर साल चारधाम यात्रा से पहले सरकार द्वारा बेहतर व्यवस्थाओं के बड़े दावे किए जाते हैं,

लेकिन पहले ही दिन सामने आई इस अव्यवस्था ने उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यात्रियों का कहना है कि यदि यात्रा के शुरुआती दिन ही ऐसी स्थिति रही, तो आगे की यात्रा और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

बेहतर प्रबंधन की उठी मांग

हेलीपैड पर मौजूद श्रद्धालुओं ने व्यवस्था सुधारने, समयबद्ध उड़ानें सुनिश्चित करने और वीआईपी मूवमेंट के बीच संतुलन बनाने की मांग की है।

आस्था के इस बड़े पर्व की शुरुआत अव्यवस्थाओं के बीच होने से यात्रियों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।

https://regionalreporter.in/jageshwar-dham-garbhgrih-gunner-weapon-controversy/
https://youtu.be/IDcojvWq0S8?si=aCJx5yNwvqZDE1YB

Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *