मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की हुई समीक्षा
देहरादून में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की समीक्षा बैठक की।
बैठक में प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और चारधाम यात्रा मार्गों की साफ-सफाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए बनेगी नई कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पूर्ण मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए जल्द विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए, ताकि कूड़ा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
चारधाम यात्रा मार्गों पर मिलेगा अतिरिक्त फंड
मुख्य सचिव ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत चारधाम यात्रा मार्गों और जनपदों के प्रवेश मार्गों पर ठोस अपशिष्ट के निस्तारण के लिए अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को चारों धामों और यात्रा मार्गों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा।
STP के पानी का 100% उपयोग करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से उपचारित जल का
गैर पेयजल कार्यों में 100 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां भी STP लगे हैं, वहां उपचारित जल को आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई और अन्य कार्यों में उपयोग किया जाए।
बायोगैस और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट जल्द हों शुरू
बैठक में प्रदेश के सभी कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट्स और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट्स को जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं को समय पर पूरा कर संचालन शुरू किया जाए।
डोर टू डोर कूड़ा उठान की होगी निगरानी
व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम को जल्द लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
इससे डोर टू डोर कूड़ा उठान कार्य की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, रणवीर सिंह चौहान और डॉ अहमद इकबाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply