जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए
निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न निजी अस्पतालों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आने पर तीन
अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य संस्थानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
8 अस्पतालों का किया गया निरीक्षण
सीएमओ डॉ. आरके सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के
विभिन्न निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का निरीक्षण किया। टीम ने श्री राम क्लिनिक ज्वालापुर, सेठी नर्सिंग होम कनखल,
आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक कनखल, क्लासिक हॉस्पिटल धनपुरा, वेलफेयर हॉस्पिटल धनपुरा और गैलेक्सी हॉस्पिटल धनपुरा समेत कुल आठ संस्थानों की जांच की।
तीन अस्पतालों को किया गया सील
निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं और स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने
श्री राम क्लिनिक, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक और गैलेक्सी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
तीन संस्थानों पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी
वेलफेयर हॉस्पिटल, क्लासिक हॉस्पिटल और सेठी नर्सिंग होम में भी विभिन्न कमियां पाई गईं।
विभाग ने इन संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
50 हजार से 2 लाख तक का लग सकता है जुर्माना
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने बताया कि जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर संबंधित
संस्थानों पर 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जा सकता है।
इसके अलावा अन्य कानूनी और विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
जिलेभर में जारी रहेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध और मानकों के विपरीत संचालित चिकित्सालयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बहादराबाद, भगवानपुर, रुड़की, लक्सर और मंगलौर ब्लॉकों में भी सघन निरीक्षण किए जा रहे हैं।
विभाग का कहना है कि जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply