खाई में गिरने से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।
पैदल यात्रा मार्ग पर बड़ी लिनचोली और भीमबली के बीच पोल संख्या 337 से 340 के मध्य शॉर्टकट रास्ते से
नीचे उतरते समय दो युवकों का पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दोपहर 1:23 बजे 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, वाईएमएफ और सेक्टर अधिकारी बड़ी लिनचोली की टीमों को मौके पर रवाना किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी Nandan Singh Rajwar ने बताया कि दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
घायल युवक को सुरक्षित निकाला गया
रेस्क्यू टीम ने घायल युवक को खाई से निकालकर एमआरपी छोटी लिनचोली पहुंचाया।
प्राथमिक जांच में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर पाया गया। इसके बाद उसे कंडी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान मोहित पुत्र ओमवीर (27 वर्ष), निवासी गोकुलपुरी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।
दूसरे युवक की गई जान
वहीं दूसरे युवक को वाईएमएफ और आपदा मित्रों की टीम ने खाई से बाहर निकालकर एमआरपी भीमबली पहुंचाया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रियांशु शुक्ला (27 वर्ष), पुत्र नरेंद्र शुक्ला, निवासी फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
शव को गौरीकुंड लाया जा रहा है, जहां से पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जाएगा।
प्रशासन की अपील: शॉर्टकट से बचें
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर निर्धारित रास्तों को छोड़कर शॉर्टकट का इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है।
प्रशासन लगातार यात्रियों से चिन्हित और सुरक्षित मार्गों पर ही चलने की अपील करता रहा है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो रही है।
हाल ही में बदरीनाथ हाईवे पर भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी क्षेत्र में एक यात्री बस पर पहाड़ी से भारी बोल्डर गिर गया था।
हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
घटना के बाद एहतियातन चारधाम यात्रा को कुछ समय के लिए रोका भी गया था।
बदलते मौसम से बढ़ रही चुनौतियां
केदारनाथ घाटी में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, फिसलन
और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
कई श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं, जिनका मौके पर ही उपचार किया जा रहा है।

















Leave a Reply