पौड़ी गढ़वाल दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद को विकास,
विज्ञान और सांस्कृतिक विरासत की बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय स्थित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया
और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए इसे राजकीय महोत्सव बनाने की घोषणा की।
इस दौरान उन्होंने 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
विज्ञान संग्रहालय का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर रोड स्थित जिला विज्ञान संग्रहालय का उद्घाटन कर वहां स्थापित विज्ञान आधारित
गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडलों और आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कंडोलिया मंदिर में की पूजा-अर्चना
पौड़ी भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री कंडोलिया मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान पहुंचकर जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का शुभारंभ किया।
कंडोलिया महोत्सव को मिलेगा राजकीय दर्जा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के
अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे पौड़ी की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
110 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने जनपद के लिए 14 विकास योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण किया।
इनमें सड़क, खेल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
युवाओं के भविष्य पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने नकल विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और स्वरोजगार योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी राजनीति से बड़ा है।

विकास और विरासत साथ-साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को समान महत्व दिया जा रहा है।
चारधाम यात्रा, हाउस ऑफ हिमालय, मिलेट मिशन, पर्यटन नीति और होमस्टे योजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कम भीड़ पर उठे सवाल
पौड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान रामलीला मैदान में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
हेलीपैड पर भव्य स्वागत के विपरीत कार्यक्रम स्थल पर कई कुर्सियां खाली नजर आईं।
विपक्ष और कुछ स्थानीय लोगों ने इसे सरकार के प्रति बढ़ती नाराजगी और जन-उपेक्षा का संकेत बताया,
जबकि प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
















Leave a Reply