रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

राम मंदिर दान गबन मामले में SIT जांच तेज, ट्रस्ट में बड़े बदलाव की अटकलें

CM योगी के अयोध्या दौरे से पहले जांच में तेजी, ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों से हुई लंबी पूछताछ

राम मंदिर में दान राशि और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कथित गबन मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच लगातार

चौथे दिन भी जारी रही। गुरुवार को SIT ने राम मंदिर ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की और

उनके बयानों की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रस्ट में बड़े बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

SIT ने खंगाले वित्तीय दस्तावेज

गुरुवार सुबह SIT टीम राम मंदिर परिसर पहुंची और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के बयान दर्ज किए।

इसके साथ ही दान राशि, बैंक लेन-देन, आय-व्यय विवरण और ऑडिट रिपोर्ट की दोबारा जांच की गई।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी ने अब तक जुटाए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों की विस्तृत फाइल तैयार कर ली है।

ट्रस्ट में फेरबदल की संभावना

सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। ऐसे में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बदलाव

की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि अंतिम रिपोर्ट आने तक मंदिर प्रशासन की निगरानी के लिए किसी वरिष्ठ आईएएस

अधिकारी को विशेष कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि मामले पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) भी नजर बनाए हुए है और SIT की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर

आगे का निर्णय लिया जा सकता है।

CM योगी के दौरे से पहले विवादित पदाधिकारी रहेंगे दूर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे।

उनके कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर दर्शन शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार दान विवाद से जुड़े ट्रस्ट के एक वरिष्ठ पदाधिकारी को मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से दूर रहने के निर्देश दिए गए

हैं और उनकी जगह प्रतिनिधि को भेजने को कहा गया है।

AAP ने FIR और गिरफ्तारी की मांग उठाई

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मामले को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने अयोध्या पुलिस को तहरीर भेजकर ट्रस्ट के संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान की राशि में बड़े स्तर पर अनियमितताएं

हुई हैं और मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

BJP ने कहा- रिपोर्ट आने का इंतजार करें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच SIT कर

रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो

उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अंतिम रिपोर्ट पर टिकी नजरें

राम मंदिर दान और चढ़ावा प्रकरण की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है।

SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में कितनी अनियमितताएं हुईं और ट्रस्ट में किसी प्रकार का प्रशासनिक बदलाव किया जाएगा या नहीं।

Tags:

https://regionalreporter.in/chandigarh-shines-in-national-ice-hockey-championship/
https://youtu.be/UVlHuYkotc4?si=tCC_O1x8-f1g9ZNI
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *