पहाड़ी रूटों पर मिलेगी बेहतर सुविधा; चारधाम यात्रा से परिवहन निगम को 8 करोड़ की आय
लंबे समय से घाटे का सामना कर रहे उत्तराखंड परिवहन निगम ने आय बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
अब प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के छोटे मार्गों पर 50 नई मिनी बसों का संचालन किया जाएगा।
इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा और यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
यह फैसला सोमवार, 06 जुलाई को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में लिया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 50 नई मिनी बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन बसों के चलने से पहाड़ी क्षेत्रों के छोटे और दुर्गम मार्गों पर यात्रा पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और सुगम होगी।
साथ ही इससे परिवहन निगम के यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और निगम की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
चारधाम यात्रा से निगम ने कमाए 8 करोड़ रुपये
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों से करीब 8 करोड़ रुपये की आय हुई है।
यह आय निगम के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
मंत्री ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर किराया कम किए जाने के बाद बड़ी संख्या में यात्री उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों से यात्रा कर रहे हैं।
इससे भी निगम के राजस्व में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
140 इलेक्ट्रिक बसें भी जल्द मिलेंगी
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार से उत्तराखंड को जल्द ही 140 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं।
इन बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल तथा सुविधाजनक बनेगी।
बस स्टेशनों का निर्माण कार्य 70 फीसदी पूरा
बैठक में रामनगर और टनकपुर में निर्माणाधीन बस स्टेशनों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों बस स्टेशनों का निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
मंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं वाले बस स्टेशनों का लाभ समय पर मिल सके।
सीएससी सेंटर से भी होगी टिकट बुकिंग
परिवहन विभाग टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और आसान बना रहा है।
अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी बस टिकट बुक कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा विभागीय कार्यालयों का आधुनिकीकरण, ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था में सुधार और तकनीकी अपग्रेडेशन पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
हर जिले में सिटी बस सेवा की तैयारी
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में सिटी बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही बसों की मरम्मत, पुराने वाहनों को हटाने, नई भर्ती, बस डिपो की स्थिति, पेयजल, शौचालय, यात्री शिकायतों के निस्तारण और भविष्य की परिवहन योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य परिवहन निगम को घाटे से बाहर निकालना और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित तथा सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।















Leave a Reply