अभिषेक रावत
पीएम श्री विद्यालय गैरसैण की है छात्रा
गैरसैण, 20 अगस्त 2026। पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय गैरसैण की कक्षा-1 की होनहार छात्रा आरोही बिष्ट का चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
आईएमसी आर्ट कंप्रेशन, मुंबई की ओर से रूम टू रीड इंडिया के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में चयन होने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
आरोही की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया गया। शिक्षकों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्मार्ट लाइब्रेरी से बच्चों में बढ़ी पढ़ने की रुचि
प्रधानाध्यापिका बबली सेंजवाल ने बताया कि उनका विद्यालय विकासखंड का पहला विद्यालय है, जहां स्मार्ट लाइब्रेरी स्थापित की गई है।
समयसारणी के अनुसार प्रतिदिन रूम टू रीड कार्यक्रम के तहत बच्चों को पुस्तकालय ले जाया जाता है।
कक्षा 1 से 5 तक के बच्चे अपनी रुचि के अनुसार किताबें पढ़ते हैं और उन्हें घर भी ले जाते हैं।
पुस्तकालय में जाने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहता है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित हुई है और उनके भाषा संबंधी कौशल में भी सुधार आया है।

किताबों के साथ चित्रकारी में भी निखरी आरोही की प्रतिभा
सुरेंद्र बिनवाल ने बताया कि आरोही शांत और मेहनती बच्ची है। कक्षा-1 में होने के बावजूद उसमें सीखने की काफी लगन है।
पुस्तकालय के समय वह सबसे पहले पहुंचकर नई-नई कहानी की किताबें मांगती है
और उन्हें ध्यान से पढ़ने के साथ चित्र भी बनाती है।
इसी रुचि और मेहनत का परिणाम है कि उसका चयन चित्रकला प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे हैं विद्यार्थी
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय के बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं राज्य स्तर तक की खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
इसके अलावा विद्यालय के बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय के लिए भी हुआ है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को आत्मविश्वास के साथ पढ़ने और सीखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
समग्र शिक्षा और डायट चमोली का सहयोग
रूम टू रीड कार्यक्रम को और मजबूत करने के लिए समग्र शिक्षा
और डायट चमोली के सहयोग से इसे जनपद स्तरीय पहल के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
विद्यालय परिवार का कहना है कि पढ़ने की आदत और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों के व्यक्तित्व का विकास होता है।
विद्यालय परिवार ने आरोही को दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर सहायक अध्यापक सुरेंद्र बिनवाल, गुलजार अहमद, दीपक सिंह, पदमा देवी, मंजू देवी भोजन माता सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
सभी ने आरोही बिष्ट को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















Leave a Reply