दोस्त समेत 3 पर हत्या का केस
उत्तराखंड के काशीपुर में पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
हरदीप सिंह 38 वर्ष के थे और कुंडा थाना क्षेत्र के गोरा फार्म में 11 सितंबर की रात गोली लगने से घायल हुए थे।
इलाज के दौरान हरदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक की मां की तहरीर पर
पुलिस ने संदीप सिंह, उसकी पत्नी और मां को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं।
घर छोड़ने के बहाने बुलाने का आरोप
मृतक की मां की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, संदीप सिंह ने हरदीप से उसे गोरा फार्म स्थित घर छोड़ने के लिए कहा था।
साथ ही पैसे लेने की बात भी कही गई थी।
आरोप है कि संदीप के घर पहुंचने के बाद षड्यंत्र के तहत हरदीप सिंह को गोली मार दी गई।
देर रात करीब एक बजे संदीप सिंह ने हरदीप की मां को फोन कर बेटे को गोली लगने की जानकारी दी।
इसके बाद गंभीर हालत में हरदीप को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुराने दोस्त थे हरदीप और संदीप
काशीपुर सीओ प्रशांत कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरदीप और संदीप पुराने मित्र थे।
दोनों घटना से पहले कहीं बाहर पार्टी करने के बाद संदीप के घर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, घर पर भी शराब का सेवन किए जाने की बात सामने आई है।
दोनों के नशे में होने की जानकारी भी जांच में मिली है। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वजह पता लगाने में जुटी है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार में बाइक मैकेनिक की हत्या से हड़कंप
हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर चेकिंग अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भागने में सफल रहे।
घटना के बाद पुलिस ने जिले के सभी बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ा दी। देर रात एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली।
रुड़की में हथियार लहराते युवकों का वीडियो वायरल
हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र के माधोपुर गांव से हथियार लहराते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ युवक हाथों में हथियार लेकर दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो को लेकर फायरिंग की चर्चा भी है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि मामला करीब दो दिन पुराना है और इसके पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।














Leave a Reply