रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

गैरसैंण विधानसभा सत्र: चप्पे-चप्पे पर पहरा

27 अक्टूबर से सदन में बजट और सियासी मुद्दों पर नजर

भराड़ीसैंण में सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसी और विशेष इकाइयां तैनात; दो दिवसीय सत्र में ₹7,412 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी

भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले उत्तराखंड विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण

और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विधानसभा परिसर, प्रवेश द्वारों, बैरियरों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।

अधिकारियों ने सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा गया।

विधानसभा के प्रवेश द्वारों पर व्यक्तियों और वाहनों की जांच के बाद ही अधिकृत लोगों को प्रवेश देने के निर्देश हैं।

बैरियरों पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारी को देने और आमजन के साथ संयमित व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस, पीएसी और विशेष इकाइयों की तैनाती

सत्र की सुरक्षा के लिए जारी पदवार विवरण के अनुसार, छह अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक और 54 प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी तैनात रहेंगे।

इसके अलावा 43 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 52 अपर उपनिरीक्षक, 460 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी,

67 महिला आरक्षी, 26 यातायात पुलिसकर्मी, 153 सशस्त्र पुलिसकर्मी और 120 होमगार्ड ड्यूटी संभालेंगे।

पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और हॉक टीम के कार्मिक भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगे।

विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार

और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी पुलिस बल को संबोधित किया।

आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव,

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट और

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ प्रह्लाद कोंडे ने वर्चुअल माध्यम से तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

दो दिन का सत्र, ₹7,412 करोड़ के अनुपूरक बजट पर नजर

भराड़ीसैंण में 27 और 28 अक्टूबर को विधानसभा का दो दिवसीय सत्र आयोजित होगा।

सरकार पहले दिन सदन में ₹7,412 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है।

दूसरे दिन बजट पारित कराने की योजना है। इसके साथ कुछ विधायी कार्य और विभागीय रिपोर्ट भी सदन में रखी जा सकती हैं।

सत्र की अवधि को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज है।

कांग्रेस ने कार्यमंत्रणा समिति और सर्वदलीय बैठक में हिस्सा नहीं लिया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दो दिवसीय सत्र पर सवाल उठाते हुए कम से कम सात दिन का सत्र बुलाने की मांग की है।

उनका कहना है कि इतने कम समय में जनहित के मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाएगी।

426 सवालों के जरिए उठेंगे जनहित के मुद्दे

विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, 31 विधायकों ने सत्र के लिए 426 सवाल विधानसभा सचिवालय को भेजे हैं।

इनमें सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

ऐसे में सीमित अवधि के इस सत्र में सवालों पर चर्चा और सरकार के जवाबों को लेकर भी नजर रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच अब सबकी निगाहें सदन की कार्यवाही पर हैं।

एक ओर सरकार के सामने अनुपूरक बजट और विधायी कामकाज पूरा करने की चुनौती है, वहीं विपक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिए जाने की मांग कर रहा है।

https://regionalreporter.in/uttarakhand-aided-schools-recruitment-ban-lifted/
https://youtu.be/LNGk1UF7kmo?si=WCWrmZBhL5lIwmiA
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *