हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार, अंकिता भंडारी केस में कथित वीआईपी को लेकर भी चर्चा में हैं अभिनेत्री
अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता ने उर्मिला पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने,
पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी।
इसमें आरोप लगाया गया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं।
इससे शिकायतकर्ता और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचा।
शिकायत में यह भी आरोप है कि उर्मिला ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम से जुड़ी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाया।
मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता ने परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने मोबाइल फोन किया बरामद
शिकायत के आधार पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मामले में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उर्मिला को हरिद्वार लाया गया और अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया है मुकदमा
वहीं, सुरेश राठौर की बेटी को व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने,
5 करोड़ रुपए की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में पुलिस ने
उर्मिला सनावर के खिलाफ धारा 308(5)(7), 79, 356(3), 356(2) BNS और 4/10 स्त्री अशिष्ट रुपण अधिनियम 1986 का अभियोग पंजीकृत किया। वहीं, मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।















Leave a Reply