विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मनोज कुमार की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी VIP दर्शन कराने के लिए मंदिर आता था और इसी दौरान दान सामग्री चोरी करता था।
जांच के दौरान सामने आई CCTV फुटेज में आरोपी को दान सामग्री अपनी जेब में रखते हुए देखा गया है।
VIP दर्शन कराने के लिए मंदिर भेजा जाता था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की लामबगड़ जल विद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करता था।
पुलिस के मुताबिक कंपनी के अधिकारियों के मेहमानों और रिश्तेदारों को VIP दर्शन कराने के लिए मनोज कुमार को समय-समय पर बदरीनाथ मंदिर भेजा जाता था।
इसी दौरान वह मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी सामग्री चोरी करता था।
CCTV फुटेज में दान सामग्री जेब में रखते दिखा
SIT ने 25 और 29 जून की CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज की जांच में आरोपी को थाली भेंट गणना कक्ष में दान सामग्री के बीच से सामान निकालकर अपनी जेब में रखते हुए देखा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि चोरी की कुछ सामग्री उसने अपने कमरे में रखी थी,
जबकि कुछ सामान यात्रियों को बेच दिया था।
कमरे से चांदी के आभूषण और सिक्के बरामद
पुलिस ने आरोपी के लामबगड़ स्थित कमरे की तलाशी ली।
इस दौरान चांदी और अन्य धातुओं के आभूषण, सिक्के, प्रतिमा, कंगन, ब्रेसलेट और दंड समेत कई सामान बरामद किए गए।
इसके अलावा चोरी की सामग्री बेचकर मिले 6 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
जांच में एक बेडशीट भी मिली, जिस पर चोरी किए गए सामान को रखकर उसकी तस्वीरें खींची जाती थीं।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की रिसायकल बिन से चोरी किए गए सामान की तस्वीरें भी बरामद करने का दावा किया है।
पहले दो आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में 8 जुलाई 2026 को बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई थी।
जांच के दौरान SIT ने पहले प्रमोद नौटियाल और पूर्व कर्मचारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
SIT खंगाल रही पूरे मामले का नेटवर्क
अब मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद SIT मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चढ़ावे की चोरी में और कौन-कौन लोग शामिल थे
और चोरी की सामग्री को कहां और किस तरह बेचा जाता था।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है
तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की चोरी का यह मामला पिछले कुछ समय से चर्चा में है
और इसे लेकर राजनीतिक स्तर पर भी बयानबाजी सामने आ चुकी है।















Leave a Reply