24 वर्षीय युवक की मौत
देहरादून जिले के चकराता तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई।
दुनुवां गांव निवासी जगमोहन अपनी कार से सहिया की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से नीचे वाली सड़क पर जा गिरी और पलट गई। हादसे के समय कार में वह अकेले सवार थे।
ग्रामीणों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश,
धरमू, सुखिया, संजय और रमेश सहित कई लोगों ने घायल युवक को तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सरिता धारिया ने जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार (UK11A-6727) के चालक जगमोहन पुत्र नानूराम की
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई थी।
चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय विकासनगर भेज दिया है।
क्षेत्र में शोक की लहर
युवक की असमय मौत से दुनुवां गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।















Leave a Reply