शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पीएम आवास की ओर बढ़े कांग्रेस नेता, देर रात पुलिस ने सभी को छोड़ा
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास (PMO) के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेता पीएम आवास की ओर कूच कर गए।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया, जिन्हें देर रात रिहा कर दिया गया।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम पहुंचाया,
जबकि प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया।
देर रात सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी छत्रसाल स्टेडियम से बाहर निकलते दिखाई दिए, जबकि प्रियंका गांधी मंदिर मार्ग थाने से रवाना हुईं।
सोनिया गांधी पहुंचीं मंदिर मार्ग थाना
कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं।
थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी बोलीं- छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती
रिहाई के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और विपक्ष का कर्तव्य उनकी आवाज उठाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना मौलिक अधिकार है।
कांग्रेस की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें
और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराई जाए।
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता पर जवाब मांगने के लिए कांग्रेस प्रधानमंत्री आवास तक मार्च कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
कांग्रेस का आरोप- प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों ने प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार किया।
पार्टी ने कहा कि महिला सांसद के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और मामले की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
विपक्ष ने लोकतंत्र पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद शशि थरूर, केसी वेणुगोपाल, चरणजीत सिंह चन्नी और सैयद नसीर हुसैन सहित
कई नेताओं ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
नेताओं का कहना है कि छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने की अनुमति मिलनी चाहिए।
घायल छात्रों से मिले राहुल और प्रियंका
रिहाई के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन के दौरान
घायल हुए छात्रों से मुलाकात की।
कांग्रेस ने अपनी लीगल टीम को भी निर्देश दिए हैं कि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार या घायल हुए युवाओं को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए।















Leave a Reply