रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

देहरादून में कैनाल रोड पर शराब की दुकान का विरोध तेज

घनी आबादी के बीच खुले ठेके के खिलाफ स्थानीय लोग लामबंद, मंत्री गणेश जोशी ने दिया आश्वासन

उत्तराखंड में लगातार नई शराब की दुकानों के खुलने का विरोध जारी है।

इस बार राजधानी देहरादून के कैनाल रोड किनारे खोली गई शराब की दुकान को लेकर

स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

विरोध में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ कई सामाजिक संगठन भी एकजुट हो गए हैं।

शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर लोगों ने धरना शुरू कर दिया है।

घनी आबादी वाले क्षेत्र में खोला गया शराब का ठेका

वेली एनक्लेव, कैनाल रोड, जाखन स्थित घनी आबादी वाले क्षेत्र के बीचों-बीच शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने लगातार छठे दिन भी धरना जारी रखा।

खासतौर पर महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और शराब के ठेके को तत्काल बंद करने की मांग उठाई।

स्थानीय लोगों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

इस मामले को लेकर 23 अप्रैल को स्थानीय निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की थी।

उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान खुलने से

असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होगी।

धरना स्थल पर पहुंचे मंत्री गणेश जोशी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मसूरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे।

उन्होंने महिलाओं के आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की नारी शक्ति के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

शराब की दुकान नहीं खुलने देने का आश्वासन

गणेश जोशी ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को भरोसा दिलाया कि इस स्थान पर शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस निरस्त करने की उठी मांग

धरने में शामिल कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा, पार्षद डॉ. अरविंद चौधरी समेत क्षेत्रवासियों ने

शराब की दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।

साथ ही उन्होंने संकट के समय क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर समर्थन देने पर कैबिनेट मंत्री का आभार भी जताया।

https://regionalreporter.in/aap-7-rajya-sabha-mps-join-bjp/
https://youtu.be/q5ArWD5NwFI?si=7ozVD-zv-G02h3Nu
Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *