सचिवालय के निजी सचिव समेत तीन पर दहेज मृत्यु का केस
शादी के महज आठ महीने बाद हुई मौत, मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात एक कार्मिक पर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।
मामला हर्रावाला चौकी क्षेत्र का है, जहां शादी के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न
और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी शिक्षिका थीं।
उनका विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था।
सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
शादी के बाद प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सृष्टि को
दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।
परिजनों के अनुसार, पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू कथित तौर पर सृष्टि को अपमानित करते थे और अलग-अलग कारणों से परेशान करते थे।
ससुर की मौत के बाद ‘मनहूस’ कहने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद किसी पंडित की बात का हवाला देते हुए ससुराल पक्ष ने सृष्टि को ‘मनहूस’ कहना शुरू कर दिया।
परिवार का कहना है कि ससुर की मौत के बाद सृष्टि को परिवार में होने वाली कथित अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया
जाने लगा और इसके बाद उसके साथ मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना और बढ़ गई।
बेटी से संपर्क टूटा, फिर मिली मौत की सूचना
सृष्टि की मां सीमा कंडारी के अनुसार, जब काफी समय तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया
तो उन्होंने एक परिचित को सृष्टि के ससुराल भेजा।
वहां से उन्हें बताया गया कि सृष्टि की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया है।
सूचना मिलने के बाद परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा। परिजनों के अनुसार, वहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी। पूछने पर व्यस्त होने का कारण बताया गया।
पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतका की मां सीमा कंडारी ने हर्रावाला पुलिस चौकी और थाना डोईवाला में लिखित तहरीर दी।
इसमें पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने
और हत्या करने का आरोप लगाया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया है।
CO वंदना वर्मा को सौंपी गई जांच
मामले की संवेदनशीलता और मुख्य आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत होने
को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक (CO) वंदना वर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा।
इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply