रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

हरिद्वार कांवड़ मेले में नकली नोटों का खेल

हरिद्वार के कांवड़ मेले में नकली नोट चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है।

हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के भेष में पहुंचे कुछ युवकों ने एक व्यापारी के पास खरीदारी के दौरान नकली नोट चलाने का प्रयास किया।

नोटों पर शक होने के बाद व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया, लेकिन भीड़ बढ़ने का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

व्यापारी ने पकड़ा तो भीड़ का फायदा उठाकर भागे

मामला हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का बताया जा रहा है।

कुछ युवक कांवड़ियों के भेष में एक दुकान पर पहुंचे और खरीदारी के दौरान नोट दिए।

व्यापारी को नोटों पर शक हुआ तो उसने युवकों को पकड़ लिया।

इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी अफरातफरी के बीच आरोपी व्यापारी की पकड़ से छूटकर अपने साथियों के साथ भीड़ में गायब हो गए।

मौके पर छूटा सामान, 30 हजार के नकली नोट बरामद

आरोपियों के भागने के दौरान उनका कुछ सामान दुकान पर ही छूट गया।

तलाशी लेने पर सामान से करीब 30 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई।

इसमें 100, 200 और 500 रुपये के जाली नोट शामिल हैं।

इसके अलावा सामान से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं।

पुलिस ने सभी सामान और नकली नोटों को कब्जे में ले लिया है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा रहा है।

रेलवे टिकटों के आधार पर पुलिस आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और वापस जाने से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, जाली नोट बरामद हुए हैं

और आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।

पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ मेले से पहले भी पकड़े जा चुके हैं नकली नोट गिरोह

हरिद्वार में कांवड़ मेले से पहले भी नकली नोट चलाने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

नगर कोतवाली पुलिस ने पंजाब से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ कर मास्टरमाइंड समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था।

इससे पहले श्यामपुर थाना पुलिस ने भी नकली नोट गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था।

इनमें हरिद्वार के साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के लोग भी शामिल थे।

ताजा मामले के बाद कांवड़ मेले में नकली नोट खपाने की आशंका को लेकर पुलिस की निगरानी और जांच और अहम हो गई है।

https://regionalreporter.in/chamba-bus-accident-7-dead-11-injured-bairagarh-road/
https://youtu.be/vcFHhM6hn8M?si=cyUbh3UhJR__PUhA
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *