IIT कानपुर और इंदौर के फैकल्टी फोरम ने किया समर्थन, इससे पहले दिल्ली, मद्रास और बॉम्बे के फोरम भी जारी कर चुके हैं बयान
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में संस्थान ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया है।
मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति भी गठित की गई है।
संस्थान के अनुसार, निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रोफेसर डूला को छुट्टी पर भेजा गया है।
इसी बीच देश के कुछ अन्य IIT के फैकल्टी फोरम ने उनके समर्थन में बयान जारी किए हैं।
पांच IIT के फैकल्टी फोरम ने समर्थन जताया
IIT कानपुर के फैकल्टी फोरम ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए मामले में आगे बढ़ रही कार्रवाई को लेकर चिंता जाहिर की।
फोरम के अनुसार, IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम के बयान से पता चलता है कि प्रोफेसर डूला
उस दिन कोर्स इंस्ट्रक्टर और परीक्षा में इन्विजिलेटर की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
फोरम ने कहा कि प्रोफेसर डूला पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हुई है।
उसके मुताबिक, इससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।
फोरम ने शिक्षकों को नियम लागू करने की स्वतंत्रता और व्यक्तिगत निशाना बनाए जाने से सुरक्षा देने की बात कही।
IIT इंदौर के फैकल्टी फोरम ने भी अकादमिक जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षक के खिलाफ व्यक्तिगत बदनामी या कानूनी कार्रवाई को चिंता का विषय बताया।
फोरम ने कहा कि तथ्यों के सामने आने के बाद ही जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
फोरम ने प्रोफेसर डूला और उनके परिवार को जरूरत के मुताबिक कानूनी, आर्थिक और मानसिक सहायता देने की भी मांग की।
इससे पहले IIT बॉम्बे, IIT दिल्ली और IIT मद्रास के फैकल्टी फोरम भी उनके समर्थन में बयान जारी कर चुके हैं।
क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच
मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर डूला को पूछताछ के लिए समन भेजा है।
इससे पहले साहिल वाकोडे के माता-पिता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
परिवार की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज की थी।
शिकायत में जाति-आधारित उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज भी जांच के दायरे में
जांच के लिए गठित 10 सदस्यीय समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का समय दिया गया है।
समिति की अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन कर रहे हैं।
समिति में फैकल्टी सदस्य, एक प्रशासक, छात्र और मनोचिकित्सक शामिल हैं।
जांचकर्ता कैंपस और परीक्षा हॉल के CCTV फुटेज भी खंगाल रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, साहिल 18 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच परीक्षा हॉल से बाहर निकले थे।
इसके बाद वह करीब 1:25 बजे अपने कमरे में पहुंचे। वहां उनकी मौत हुई।















Leave a Reply