रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है।
धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं।
बर्फबारी से श्रद्धालु उत्साहित हैं, लेकिन तापमान में गिरावट के चलते उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार सुबह से रुद्रप्रयाग जिले में मौसम बदला। कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई।
तीन दिन पहले भी धाम में बर्फ गिरी थी। लगातार बदलते मौसम से यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।

श्रद्धालुओं के लिए अलाव की व्यवस्था
ठंड से बचाव के लिए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की है।
उन्होंने गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी है।
मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम न उठाने और प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
10 जिलों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 10 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और
पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।















Leave a Reply