रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन

गौरीकुंड के पास रास्ता बंद, यात्रा फिलहाल स्थगित

लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर और मलबा, प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही रोकी

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया।

गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, विशाल बोल्डर और चट्टानें पैदल मार्ग पर आ गिरीं।

इसके चलते केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रा रोकते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया।

समय रहते रोकी गई आवाजाही, टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर नीचे आने लगे।

यदि उस समय श्रद्धालु मार्ग पर मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित जनहानि टल गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

मलबा हटाने का कार्य जारी, बारिश बन रही चुनौती

भूस्खलन के बाद मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

हालांकि लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गिरते पत्थरों के कारण राहत एवं बहाली कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

स्थिति पर नजर, सुरक्षित होने के बाद ही शुरू होगी यात्रा

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि गौरीकुंड गेट से आगे भारी भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह बंद है।

डीडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें,

बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

फिलहाल केदारनाथ पैदल यात्रा पूरी तरह स्थगित है तथा यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अगले आदेश का इंतजार करने को कहा गया है।

https://regionalreporter.in/almora-medical-college-cath-lab-burn-center-uttarakhand/
https://youtu.be/UT6fvGg6OrQ?si=3NC6qEJ_pCKQdeeJ
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *