रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

मुवानी घाटी में बटर फ्रूट की संभावनाएं तलाश रहे बाल वैज्ञानिक

पिथौरागढ़, 8 सितंबर। मुवानी घाटी में स्कूली बच्चे अब बटर फ्रूट यानी एवोकाडो की खेती की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

कनालीछीना के जूनियर हाईस्कूल कमतोली में कृषि एवं बागवानी पर नवाचारी परियोजना शुरू की गई है।

इस परियोजना के तहत विद्यालय परिसर में बटर फ्रूट के पौधे रोपे गए हैं।

बच्चे इन पौधों के विकास और क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल उत्पादन की संभावनाओं का अध्ययन कर रहे हैं।

विषय विशेषज्ञ और वैज्ञानिक उन्हें लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं।

कक्षा 8 के बच्चे कर रहे प्रयोग

प्रधानाध्यापक लीला धामी के संयोजन में कक्षा 8 के बाल वैज्ञानिक पियूष कुमार और गुड्डी भट्ट परियोजना का अध्ययन कर रहे हैं। सुनीता, मनीषा और अंशु भी इसमें सहयोग कर रहे हैं।

परियोजना के निर्देशक विज्ञान शिक्षक डॉ. सीबी जोशी ने बताया कि स्कूली पाठ्यक्रम को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

बच्चों को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोग के जरिए समझने का अवसर मिल रहा है।

एवोकाडो उत्पादन की संभावना

डॉ. सीबी जोशी के अनुसार, कमतोली क्षेत्र में आम, अमरूद और केला उत्पादन होता है।

यहां की उपोष्ण जलवायु बटर फ्रूट यानी एवोकाडो के उत्पादन के लिए अनुकूल हो सकती है।

उन्होंने बताया कि एवोकाडो की बाजार में अच्छी कीमत मिलती है।

ऐसे में इस परियोजना से भविष्य में आजीविका के नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।

वैज्ञानिक दे रहे लगातार मार्गदर्शन

रक्षा कृषि अनुसंधान संगठन (डीआरडीओ), डिबेर के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. हेमंत कुमार पांडेय और डॉ. वंदना पांडेय समय-समय पर विद्यालय को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. टीएस सिरौला भी बाल वैज्ञानिकों को सहयोग कर रहे हैं।

उनके मार्गदर्शन में बच्चे पौधों के विकास और बागवानी से जुड़े पहलुओं को समझ रहे हैं।

विज्ञान शिक्षा को प्रयोग से जोड़ने की पहल

जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. विकास पंत और ब्लॉक विज्ञान समन्वयक बिंदेश्वरी ने परियोजना की सराहना की है।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच और प्रयोग करने की क्षमता विकसित होती है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा भट्ट, ग्राम प्रधान नीतू भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम नारायण भट्ट और उषा देवी ने भी परियोजना की सराहना की।

उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं।

https://regionalreporter.in/mukhyamantri-yuva-bhavishya-nirman-yojana-uttarakhand/
https://youtu.be/AVYzvlgVjws?si=KxH6qzSgvxh82bz1
जगदीश कलौनी
+ posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *