जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया उद्घाटन, बस अड्डे की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने पौड़ी बस अड्डे पर अमृत
कक्ष (फीडिंग रूम) की शुरुआत की है। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने इस सुविधा का शुभारंभ किया।
इसके बाद उन्होंने बस अड्डे का व्यापक निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया और कई अव्यवस्थाओं पर
नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
धात्री माताओं को मिलेगा सुरक्षित और सम्मानजनक स्थान
जिलाधिकारी ने अमृत कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और लाभार्थी महिलाओं से संवाद कर
फीडबैक भी प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि यह फीडिंग रूम धात्री माताओं और शिशुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है,
ताकि महिलाएं यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और निजी वातावरण में अपने बच्चों को स्तनपान करा सकें।
उन्होंने इसे महिला सम्मान और मातृत्व सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बस अड्डे पर सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी उपलब्ध
जिलाधिकारी ने बताया कि बस अड्डे पर महिलाओं और किशोरियों की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी
संचालित की जा रही है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भी पिछले दो महीनों से यह सुविधा उपलब्ध कराई जा
रही है, जिससे मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा मिल रहा है।
निरीक्षण में मिली कई खामियां, अधिकारियों को फटकार
बस अड्डे के निरीक्षण के दौरान शौचालयों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली।
कई स्थानों पर पेयजल और नलों की व्यवस्था भी अधूरी पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित संस्था सुलभ इंटरनेशनल
के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और आवश्यक टोंटियां लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो संबंधित संस्था के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
टूटी कुर्सियां बदलने और सौंदर्यीकरण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बस अड्डे पर कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त मिलीं। जिलाधिकारी ने सभी टूटी और
अनुपयोगी कुर्सियों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में अनधिकृत पोस्टर और बैनर हटाकर बस अड्डे की स्वच्छ और आकर्षक छवि बनाए रखने को कहा।
इसके अलावा नगर पालिका परिषद को बस अड्डे के समग्र सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार
कर वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। प्रस्ताव में भवन का रंग-रोगन, फ्लोरिंग, आधुनिक बैठने की व्यवस्था
और अन्य विकास कार्य शामिल करने को कहा गया है।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च
प्राथमिकताओं में शामिल हैं। जिला प्रशासन सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और महिला-अनुकूल बनाने के लिए लगातार
कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि बस स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में
महिलाएं और किशोरियां आती हैं। अमृत कक्ष और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं से उन्हें यात्रा के दौरान
आवश्यक सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर एआरटीओ एन.के. ओझा, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा सहित
कई अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















Leave a Reply