रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: CM से मिले विधायक विनोद कंडारी

पति समेत तीन पर दहेज मृत्यु का मुकदमा, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मामले की CBCID से जांच कराने की मांग की है।

विधायक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री से मुलाकात में उठाया मामला

विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत का मामला उठाया।

उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील प्रकरण है और इसकी निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच जरूरी है।

विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मामले की CBCID जांच कराने का आश्वासन दिया है। अब जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।

शादी के आठ महीने बाद हुई संदिग्ध मौत

मामला देहरादून के हर्रावाला चौकी क्षेत्र का है, जहां शादी के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

सृष्टि पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट की रहने वाली थीं।

उनका विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था,

जो उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

परिजनों ने लगाए दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप

मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही

सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।

शिकायत में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।

परिजनों का यह भी आरोप है कि सृष्टि के ससुर की हार्ट अटैक से मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें ‘मनहूस’ कहना शुरू कर दिया

और परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद कथित तौर पर प्रताड़ना और बढ़ गई।

29 जुलाई को हुई मौत, समय पर सूचना नहीं देने का आरोप

परिजनों के अनुसार, काफी समय तक सृष्टि से संपर्क नहीं होने पर उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा।

वहां से जानकारी मिली कि उनकी तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया है।

जब परिवार देहरादून पहुंचा तो पता चला कि 29 जुलाई को ही उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी और पूछने पर व्यस्त होने का कारण बताया।

पति समेत तीन लोगों पर दहेज मृत्यु का केस

मृतका की मां की शिकायत पर हर्रावाला पुलिस चौकी और थाना डोईवाला में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत तीनों नामजद आरोपियों पर दहेज मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CO वंदना वर्मा कर रही हैं जांच

मामले की संवेदनशीलता और मुख्य आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात होने को देखते हुए

जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अब विधायक की मांग के बाद मामले की CBCID जांच पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।

https://regionalreporter.in/uttarakhand-priyanka-gusain-indian-navy-world-voyage-triveni/
https://youtu.be/UT6fvGg6OrQ?si=rkKzryXYXiCSiaUy
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *