यात्रियों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए अभियान जारी
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग
जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह
धामी के निर्देशों के तहत यात्रा मार्ग पर स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है।
21 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए
सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मनोज सेमवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा
अवधि में अब तक 21 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। इनमें पनीर,
दूध, घी, मसाले, आटा, बेसन, खाद्य तेल, सॉस, मुरब्बा और बिस्कुट सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद शामिल हैं।
17 कारोबारियों को जारी किए गए नोटिस
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मानकों की अनदेखी, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण, संदिग्ध गुणवत्ता की सामग्री रखने तथा
बिना लाइसेंस कारोबार संचालित करने जैसे मामलों में अब तक 17 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
विभाग द्वारा संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पांच मामलों में न्यायालय में वाद दायर
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा द्वारा पांच मामलों में जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में वाद दायर किए जा चुके हैं।
वहीं अन्य मामलों में भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
तीन प्रतिष्ठानों पर लगा जुर्माना
जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय रुद्रप्रयाग द्वारा तीन मामलों का निस्तारण करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों
पर 25-25 हजार रुपये तथा एक प्रतिष्ठान पर 40 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा मार्ग सहित पूरे जनपद में निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं और
स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।















Leave a Reply