अल्टीमेटम खत्म, वार्ड 28 में शुरू हुई कार्रवाई
श्रीनगर नगर निगम के वार्ड संख्या 28 (आम्रकुंज) में झूलते केबल और इंटरनेट तारों के खिलाफ पार्षद जयपाल बिष्ट ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो दिन का अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद भी केबल ऑपरेटरों
और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं द्वारा व्यवस्था में सुधार नहीं किए
जाने पर सोमवार को वार्ड में अभियान चलाकर खतरनाक तरीके से लटक रहे
तारों को हटाने और काटने की कार्रवाई की गई।
राहगीरों के लिए बन रहे थे खतरा
पार्षद जयपाल बिष्ट ने बताया कि वार्ड में लंबे समय से केबल और फाइबर ऑप्टिक तार अव्यवस्थित तरीके से झूल रहे थे।
कई स्थानों पर तार इतने नीचे लटक रहे थे कि वे राहगीरों के सिर से टकरा रहे थे।
इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी और लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दो दिन पहले दिया गया था नोटिस
उन्होंने बताया कि जनहित को देखते हुए सभी केबल ऑपरेटरों
और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को दो दिन के भीतर अपने तार व्यवस्थित करने का नोटिस दिया गया था।
बावजूद इसके अधिकांश स्थानों पर कोई सुधार नहीं किया गया।
इसी के चलते सोमवार से वार्ड में अव्यवस्थित और खतरनाक तरीके से लटक रहे
तारों को हटाने का अभियान शुरू किया गया।
जनहित और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
पार्षद जयपाल बिष्ट ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और वार्ड में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कंपनियों और ऑपरेटरों को दी चेतावनी
पार्षद ने केबल कंपनियों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं से भविष्य में अपने नेटवर्क को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि आगे भी इस तरह की लापरवाही सामने आती है तो नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी,
ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।















Leave a Reply