भू-बैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा और दान में कथित अनियमितताओं का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है।
कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ
मंदिर के सिंह द्वार के बाहर मौन व्रत शुरू कर दिया।
इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सरकार और बीकेटीसी पर लगाए गंभीर आरोप
मौन प्रदर्शन के दौरान विधायक लखपत सिंह बुटोला ने आरोप लगाया कि बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) और सरकार इस पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रशासनिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता जरूरी है।
न्यायिक जांच या एसआईटी जांच की मांग
विधायक बुटोला ने कहा कि चढ़ावा और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराई जानी चाहिए।
उनका कहना है कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों की जवाबदेही तय होगी।
दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
कांग्रेस विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उठाई पारदर्शी जांच की मांग
सुबह से जारी मौन प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पारदर्शी जांच, दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मंदिर परिसर के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया।
अब इस मामले में सरकार और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।















Leave a Reply