रामनगर के व्यक्ति से 23.66 लाख रुपये की साइबर ठगी
व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर कराया निवेश, अब नियमित एफआईआर दर्ज कराने की मांग
नैनीताल जिले के रामनगर में ड्रीम-11 के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
ग्राम हिम्मतपुर डोटियाल निवासी राजेन्द्र सिंह राणा ने आरोप लगाया है कि उन्हें ड्रीम-11 में बड़ा इनाम
और भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 23 लाख 66 हजार 457 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
पीड़ित ने पुलिस से जीरो एफआईआर को नियमित एफआईआर में बदलकर आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
पहले देहरादून साइबर थाने में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
राजेन्द्र सिंह राणा ने रामनगर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि इस मामले में उन्होंने पहले 19 जून 2026 को
देहरादून साइबर पुलिस थाने में जीरो एफआईआर संख्या 35637004302600386 दर्ज कराई थी।
अब उन्होंने मामले को रामनगर में नियमित एफआईआर के रूप में दर्ज करने का अनुरोध किया है।
व्हाट्सएप पर मिला लालच, लाखों रुपये गंवाए
शिकायत के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 से 3 मई 2026 के बीच उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर से संपर्क किया गया।
आरोप है कि खुद को सोमेश ठाकरे बताने वाले व्यक्ति ने ड्रीम-11 में बड़ा इनाम और भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग चरणों में रकम जमा कराई।
पैसे जमा कराने के बाद न तो मूलधन वापस मिला और न ही किसी प्रकार का लाभ मिला। पीड़ित का कहना है कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से साइबर धोखाधड़ी की गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के मामले की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सौंपे कई अहम साक्ष्य
पीड़ित ने पुलिस को जीरो एफआईआर की प्रति, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (NCCH) में दर्ज शिकायत, आधार कार्ड,
बैंक स्टेटमेंट, लेन-देन के यूटीआर नंबर, स्क्रीनशॉट और कथित आरोपियों के साथ हुई चैट सहित कई दस्तावेज साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए हैं।
उन्होंने साइबर सेल की मदद से संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















Leave a Reply