रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

रक्षाबंधन पर श्रीनगर में शक्ति प्रदर्शन, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले श्रीनगर की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

रक्षाबंधन के बहाने भाजपा और कांग्रेस ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।

एक दिन पहले कैबिनेट मंत्री और श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीकोट गंगानाली और भक्तियाना क्षेत्र में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उन्हें राखी बांधी और समर्थन जताया।

वहीं, शनिवार को कांग्रेस ने श्रीनगर की सर्राफा धर्मशाला में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और श्रीनगर के पूर्व विधायक गणेश गोदियाल शामिल हुए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और पूरा पंडाल लोगों से भर गया।

महिला वोटरों पर दोनों दलों की नजर

कांग्रेस के रक्षाबंधन कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी मौजूदगी को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा भी अपने कार्यक्रमों के जरिए महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जोड़ने में जुटी है।

ऐसे में रक्षाबंधन कार्यक्रमों के जरिए दोनों दलों की नजर महिला मतदाताओं पर भी दिखाई दे रही है।

राजकुमार के बयान पर कांग्रेस का पलटवार

श्रीनगर की राजनीति में इसी बीच पार्षद राज कुमार को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है।

19 अगस्त को भाजपा में शामिल हुए राज कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए गणेश गोदियाल को चुनौती दी थी।

अब कांग्रेस पार्षद सूरज बिष्ट ने राज कुमार के बयान पर पलटवार किया है।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में श्रीनगर की जनता खुद तय करेगी कि गणेश गोदियाल को कितना समर्थन हासिल है।

दो निर्दलीय पार्षद कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस के रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान श्रीनगर नगर निगम के दो निर्दलीय पार्षद विकास चौहान और पूजा बर्त्वाल कांग्रेस में शामिल हुए।

दोनों के कांग्रेस में आने से पार्टी ने इसे अपने पक्ष में नए राजनीतिक समीकरण के तौर पर पेश किया है।

एक तरफ भाजपा श्रीनगर में लगातार अपने कार्यक्रमों के जरिए राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रही है, तो कांग्रेस भी संगठन को मजबूत करने में जुटी है।

रक्षाबंधन के बहाने हुए इन कार्यक्रमों ने श्रीनगर की सियासत में चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।

अब इन कार्यक्रमों में जुटी भीड़ को राजनीतिक समर्थन में बदलने में कौन-सा दल कितना सफल होता है, यह 2027 के चुनाव में ही साफ होगा।

https://regionalreporter.in/mohanlal-jain-congress-srinagar-political-return/
https://youtu.be/Nw4bM-WdvFE?si=e29oArgCvzy1pP6r
https://regionalreporter.in/aiims-rishikesh-hiv-positive-medical-record-consumer-court/
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *