पीएम मोदी का नया वीडियो, आज CJP-सरकार की तीसरे दौर की वार्ता
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच शनिवार को कई बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं।
एक ओर 26 दिन तक भूख हड़ताल पर रहने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने
पहली बार अनशन समाप्त करने को लेकर उठ रहे सवालों पर विस्तार से जवाब दिया,
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया वीडियो जारी कर छात्रों को भरोसा दिलाया कि पेपर लीक के दोषियों को
कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार फास्ट-ट्रैक कोर्ट और सख्त कानून लाने जा रही है।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच आज तीसरे दौर की वार्ता भी प्रस्तावित है।
26 दिन की भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक की सफाई
सोनम वांगचुक ने यूट्यूब पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि यदि उन्हें किसी तरह की “डील” या “सौदा” ही करना होता तो 26 दिन तक भूखे रहने, 11 किलो वजन कम करने और अपनी सेहत को गंभीर खतरे में डालने की कोई जरूरत नहीं थी।
उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर किए गए अनशन के दौरान उनका वजन 11 किलो कम हो गया, मांसपेशियां कमजोर हो गईं और शरीर के कई अंगों के साथ दिमाग पर भी गंभीर असर पड़ा।
वांगचुक ने कहा कि लद्दाख की ठंड से निकलकर दिल्ली की भीषण गर्मी में सड़क किनारे बैठकर अनशन करना आसान नहीं था।
अब तरल आहार शुरू करने के बाद धीरे-धीरे शरीर में ताकत लौट रही है।
“क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र देना होगा?”
अनशन खत्म करने के तरीके पर उठ रहे सवालों पर नाराजगी जताते हुए वांगचुक ने कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि उन्होंने किसके हाथों अनशन तोड़ा, क्यों तोड़ा और किसी केंद्रीय मंत्री से क्यों नहीं तुड़वाया।
उन्होंने कहा, “क्या मुझे किसी से चरित्र प्रमाण पत्र लेना होगा? क्या मुझे यह साबित करना होगा कि मेरा अनशन कितना पवित्र था?”
उन्होंने कहा कि अगर समझौता ही करना होता तो एयर कंडीशन कमरे में बैठकर भी किया जा सकता था।
दिल्ली की गर्मी में सड़क किनारे बैठकर 26 दिन भूखा रहने की जरूरत नहीं पड़ती।
बिना पूरी जानकारी आरोप न लगाने की अपील
वांगचुक ने कहा कि पिछले कुछ दिन उनके और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पूरी परिस्थितियां जाने बिना किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।
उन्होंने कहा कि यदि कोई निष्पक्ष व्यक्ति सवाल पूछेगा तो वह उसका जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं।
पीएम मोदी ने जारी किया नया वीडियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम पर नया वीडियो साझा करते हुए लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा,
“धन्यवाद दोस्तों। आपने मेरे वीडियो पर जो सकारात्मक प्रतिक्रिया और सुझाव दिए, उसके लिए मैं आपका आभारी हूं। आपका प्यार और समर्थन हमारे संबंध को और मजबूत करेगा।”
पेपर लीक पर सख्त कानून लाने की तैयारी
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि सरकार पेपर लीक के खिलाफ
फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा का प्रावधान करने वाले ड्राफ्ट बिल पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं और कैबिनेट में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना है।
22 लाख छात्रों का दोबारा कराया गया परीक्षा
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की दोबारा परीक्षा कराई और 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए।
उन्होंने कहा कि दोषियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और वे जेल में हैं।
सरकार अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कठोर कानून भी लाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
CJP का आंदोलन जारी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर धरना लगातार जारी है।
संगठन का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, आंदोलन जारी रहेगा।
आज सरकार और CJP के बीच तीसरे दौर की बातचीत प्रस्तावित है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अभी फैसला नहीं
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि शुक्रवार की बैठक में मुआवजा
और कानूनी सुधारों को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई, लेकिन शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस्तीफे पर स्पष्ट जवाब नहीं देती तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्हें टाइफाइड हो गया है।
उन्होंने कहा कि बीमारी के बावजूद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।
संसद मार्च हिंसा मामले में जांच तेज
20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच दिल्ली पुलिस ने तेज कर दी है।
- अब तक करीब 2,500 लोगों का सत्यापन किया गया।
- लगभग 400 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर हैं।
- पुलिस सीसीटीवी, एआई आधारित निगरानी, ड्रोन फुटेज, मोबाइल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट का विश्लेषण कर रही है।
- पुलिस का कहना है कि केवल आपराधिक रिकॉर्ड कार्रवाई का आधार नहीं होगा, बल्कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा और सख्त
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है।
बैरिकेड्स को मजबूत जंजीरों से जोड़कर वेल्डिंग की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
आज भी बंद रहेंगे 18 मेट्रो स्टेशन
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अनुसार शनिवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास बंद रहेंगे।
हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बंद रहने वाले स्टेशन
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- केंद्रीय सचिवालय
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
- झंडेवालान
- नई दिल्ली
DMRC ने यात्रियों से यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी लेने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।















Leave a Reply