रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पिथौरागढ़ की 130 इको टास्क फोर्स को मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार

पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पिथौरागढ़ की

130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको कुमाऊं को मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है।

देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूनिट के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों की सराहना की।

यूनिट की ओर से कमांडेंट कर्नल गौरव नेगी और ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कुलदीप सिंह ने मुख्यमंत्री प्रशंसा पत्र प्राप्त किया।

कुमाऊं में हरित आवरण बढ़ाने में निभाई अहम भूमिका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इको टास्क फोर्स के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी ध्यान देना जरूरी है।

इसके लिए स्थानीय समुदाय की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

130 इको टास्क फोर्स की ओर से कुमाऊं क्षेत्र में लंबे समय से वनीकरण और पर्यावरण संरक्षण के अभियान चलाए जा रहे हैं।

इन अभियानों के जरिए हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

हर साल 8 लाख से ज्यादा पौधे लगाए जाते हैं

कुमाऊं मंडल में इको टास्क फोर्स की दो यूनिट देहरादून और पिथौरागढ़ में काम कर रही हैं।

ये यूनिट हर साल विभिन्न प्रजातियों के 8 लाख से अधिक पौधे लगाती हैं।

खास बात यह है कि पौधारोपण के बाद इन पौधों को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखा जाता,

बल्कि करीब पांच साल तक उनकी देखभाल और संरक्षण भी किया जाता है।

स्थानीय लोगों की भागीदारी से इन अभियानों को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

सम्मान को बताया पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की पहचान

मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार मिलने के बाद यूनिट के प्रयासों को नई पहचान मिली है।

इसे पर्यावरण संरक्षण, वनीकरण और हरित मिशन के प्रति यूनिट की लंबे समय से जारी प्रतिबद्धता का सम्मान माना जा रहा है।

इको टास्क फोर्स को मिले इस सम्मान पर किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित पूर्व सूबेदार केशवदत्त मखौलिया,

मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति, इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स समेत विभिन्न संगठनों ने खुशी जताई है।

स्थानीय संगठनों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और वनीकरण के लिए लगातार किए जा रहे ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

https://regionalreporter.in/durga-devi-asha-worker-honor-honorarium-demand/
https://youtu.be/vcFHhM6hn8M?si=GOyOoqOpeayqqd6x
जगदीश कलौनी
+ posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *