उत्तराखंड में चुनाव आयोग जल्द विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू करने जा रहा है।
प्रदेशभर में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा त्रुटियों में सुधार किया जाएगा।
29 मई से शुरू होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
चुनाव आयोग की ओर से 29 मई से 7 जून तक तैयारी और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान BLO और चुनावी कर्मचारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
SIR अभियान के तहत 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान चलेगा।
इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। वहीं 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। यह सूची आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आयोग ने जारी की 12 वैध दस्तावेजों की सूची
चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया के लिए 12 वैध दस्तावेजों की सूची जारी की है।
इनमें आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि सत्यापन प्रक्रिया में परेशानी न हो।
ऐसे होगी SIR की पूरी प्रक्रिया
मतदाताओं को BLO द्वारा गणना प्रपत्र दिया जाएगा, जिसमें वर्तमान वोट की जानकारी दर्ज होगी।
मतदाताओं को वर्ष 2003 के वोट संबंधी जानकारी भरनी होगी और नया फोटो लगाकर फॉर्म वापस जमा करना होगा।
यदि 2003 का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है तो संबंधित दस्तावेजों के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

















Leave a Reply