नगर निगम श्रीनगर की अनूठी पहल
नगर निगम श्रीनगर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल शुरू की है।
इसके अंतर्गत बार्बर दुकानों से निकलने वाले उपयोग किए गए ब्लेड के सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था लागू की गई है।
बार्बर एसोसिएशन के साथ बैठक
महापौर आरती भंडारी ने नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान नाई (बार्बर) एसोसिएशन के सदस्यों के साथ चर्चा
की और इस नई व्यवस्था की शुरुआत की। इस दौरान सभी बार्बरों को विशेष “ब्लेड बिन” वितरित किए गए।
स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता
महापौर ने कहा कि उपयोग किए गए ब्लेड यदि सामान्य कूड़े में चले जाते हैं तो यह गंभीर खतरे उत्पन्न कर सकते हैं।
इससे स्वच्छता कर्मियों के घायल होने, पशुओं को नुकसान पहुंचने तथा जल स्रोतों के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ जाता है।
वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि नगर निगम प्रत्येक माह के अंतिम दिन इन ब्लेड बिनों से एकत्रित ब्लेड का
वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करेगा। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत ब्लेड को हैजार्डस वेस्ट की श्रेणी में
रखा गया है, इसलिए इसका सुरक्षित प्रबंधन आवश्यक है।

नालियों की सफाई पर भी जोर
बैठक में बार्बरों को यह भी निर्देश दिए गए कि कटे हुए बालों को इधर-उधर न फेंककर निगम के कूड़ा वाहनों में ही डालें,
ताकि शहर की नालियों के जाम होने की समस्या को रोका जा सके।
जनसहभागिता पर महापौर का जोर
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगी।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पार्षद गुड्डी गैरोला, दीपक कुमार,
दिनेश पटवाल, प्रवेश चमोली, हिमांशु बहुगुणा, सुरेन्द्र कुमार, विजय चमोली, उज्ज्वल अग्रवाल, सुमित बिष्ट, शुभम प्रभाकर
सहित श्रीनगर नगर के समस्त बार्बर उपस्थित रहे।
















Leave a Reply