रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

बदरीनाथ हाईवे पर फिर हादसा

श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर पलटा, 8 घायल

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

जोशीमठ के पास पैनी में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में एक महिला की मौत के अगले ही दिन एक और टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया।

हालांकि इस बार सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

हनुमान चट्टी-बिनाकुली के बीच अनियंत्रित होकर पलटा वाहन

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मेरठ से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ धाम से दर्शन कर ऋषिकेश लौट रहा था।

इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

वाहन में सवार थे 16 श्रद्धालु

टेंपो ट्रैवलर (यूपी-15 ईटी-1020) में चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे।

दुर्घटना में आठ यात्रियों को चोटें आईं, जबकि अन्य श्रद्धालु सुरक्षित रहे। गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया राहत अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी जेपी कंपनी अस्पताल पहुंचाया गया,

जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर किया गया।

मेरठ के रहने वाले हैं घायल यात्री

हादसे में घायल यात्रियों की पहचान दिशा सैनी, वर्षा सैनी, इलालिता, ज्योति, पुष्पा गिरी, चालक जमील,

राजकुमार और बसु के रूप में हुई है। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी बताए गए हैं।

चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ी चिंता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

हालांकि राहत एवं बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई।

दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

सावधानीपूर्वक ड्राइविंग की जरूरत

बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन के पलटने से आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी खतरे से बाहर हैं।

चारधाम यात्रा सीजन में लगातार बढ़ते यातायात और पर्वतीय मार्गों की चुनौतियों के बीच यह घटना एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

https://regionalreporter.in/jantar-mantar-neet-students-protest-abhijeet-dipke-history-changing-movement/
https://youtu.be/9Uh5mRbFCJk?si=-JROeqwVVjhGrOSC
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *