उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में 158वीं पासिंग आउट परेड गरिमामय ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर कुल 515 जेंटलमैन कैडेट सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर अधिकारी बने। इनमें भारतीय सेना को 481 नए सैन्य अधिकारी मिले,
जबकि 16 मित्र देशों के 34 कैडेट भी सफलतापूर्वक पास आउट हुए। इस बार पहली बार 9 महिला कैडेट भी IMA से पास आउट होकर सैन्य अधिकारी बनीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की परेड की समीक्षा
पासिंग आउट परेड की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहीं। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया।
इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
विशाल कुमार को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर
अकादमी के कैडेट विशाल कुमार ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो प्रतिष्ठित सम्मान अपने नाम किए।
उन्हें ‘बेस्ट अमंग ऑफिसर कैडेट्स’ के लिए स्वॉर्ड ऑफ ऑनर तथा REG कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
इन कैडेट्स को भी मिले प्रमुख सम्मान
REG कोर्स में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रिंस राज को सिल्वर मेडल और तृतीय स्थान पर रहने वाले तेजस भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।
वहीं हृषभ मिश्रा को टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स (TGC) में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
स्पेशल कमीशन और TES कोर्स में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्पेशल कमीशन श्रेणी में बोधराज थापा को गोल्ड मेडल मिला, जबकि TES कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर करण पांडे को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
मित्र देशों के कैडेट्स में बांग्लादेश के कैडेट को सर्वश्रेष्ठ कैडेट का पुरस्कार प्रदान किया गया।
अंतिम पग के साथ बने सैन्य अधिकारी
राष्ट्रपति के संबोधन के बाद कैडेट्स ने ऐतिहासिक ‘अंतिम पग’ भरकर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में प्रवेश किया।
इस दौरान हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की गई। इसके बाद पीपिंग सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें परिजनों ने नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर सितारे सजाए।
देश सेवा का लिया संकल्प
परेड के दौरान कैडेट्स ने राष्ट्र की सेवा, अनुशासन और समर्पण की शपथ ली।
भव्य आयोजन ने देशभक्ति और सैन्य गौरव का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।















Leave a Reply