रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुले

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा धाम

श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी के बीच केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार

सुबह विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा।

धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम से संपन्न हुई।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami भी उपस्थित रहे

और उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री बने दिव्य क्षणों के साक्षी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र ही नहीं,

बल्कि भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी

बाबा केदार के आशीर्वाद से यात्रा ऐतिहासिक होगी।

सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट खुलने का दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया।

सीएम धामी बने दिव्य क्षणों के साक्षी

मुख्यमंत्री धामी ने की सेवा और आतिथ्य की अपील

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित

और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने सभी उत्तराखंडवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा

और आतिथ्य भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की

आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में धाम का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण हुआ,

जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

फूलों से सजा बाबा केदार का धाम

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी,

फाटा और गौरीकुंड होते हुए एक दिन पूर्व ही धाम पहुंच चुकी थी।

कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से शुरू हुई। रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक आशा नौटियाल, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती सहित

धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

देव आवाहन एवं लोककल्याण के संकल्प के साथ ठीक सुबह 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

51 क्विंटल फूलों से सजा मंदिर, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

कपाट उद्घाटन के अवसर पर केदारनाथ धाम मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया।

कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य रहे मौजूद

इस अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत,

ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार,

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

https://youtu.be/IDcojvWq0S8?si=aCJx5yNwvqZDE1YB
लक्ष्मण सिंह नेगी
+ posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *