रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से महाराष्ट्र की महिला श्रद्धालु की मौत

केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान रविवार को गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया।

चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गईं।

रेस्क्यू टीम ने उन्हें गौरीकुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चीरबासा हेलीपैड के पास हुआ हादसा

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को रविवार, 6 सितंबर को घटना की सूचना मिली।

जसपाल सिंह ने केंद्र को बताया कि चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक महिला यात्री घायल हो गई हैं।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की रेस्क्यू टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।

टीमों ने घायल महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उन्हें तत्काल गौरीकुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

सोलापुर की रहने वाली थीं महिला

चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मंगल अपाराव सिंधे (60 वर्ष) के रूप में हुई है।

वह ग्राम नीमगांव, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र की रहने वाली थीं।

प्रशासन ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है। आवश्यक पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने घटना की पुष्टि की है।

यात्रियों से संवेदनशील स्थानों पर सतर्क रहने की अपील

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने यात्रियों से मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने यात्रियों से संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकने की अपील भी की गई है।

डीएम ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा मार्ग पर तैनात अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रेस्क्यू और राहत व्यवस्था सक्रिय रखने पर जोर दिया।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर जल्दबाजी न करें। बारिश या मौसम में अचानक बदलाव होने पर प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

https://regionalreporter.in/delhi-satya-niketan-hostel-building-collapse-rescue-today/
https://youtu.be/y9QpImppl2I?si=0vV3GRBQWOm_fM6b
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *